कोटद्वार, 13 अक्टूबर 2026। डॉ. पी.डी.बी.एच. हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार के समाजशास्त्र विभाग द्वारा ‘मेरे सपनों का भारत – विकसित भारत @2047’ विषय पर गौरा देवी सभागार में एक दिवसीय संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी. एस. नेगी ने की। कार्यक्रम का संचालन समाजशास्त्र विभाग के प्रभारी एवं संगोष्ठी संयोजक डॉ. प्रताप सिंह बिष्ट ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संदीप कुमार सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया।
संगोष्ठी संयोजक डॉ. प्रताप सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में विकसित भारत की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए वर्ष 1947 से 2047 तक की विकास यात्रा, देश की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, महिला सशक्तिकरण, गरीबी उन्मूलन तथा प्रतिभाशाली युवाओं के पलायन को रोकने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी. एस. नेगी ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को सकारात्मक सोच के साथ अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से देश सेवा तथा भारत के समग्र विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के परिणाम
संगोष्ठी के अंतर्गत आयोजित छात्र-छात्राओं की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को निम्नलिखित स्थान प्राप्त हुए:
- प्रथम स्थान: कुमारी सुरभि
- द्वितीय स्थान: ऐश्वर्या
- तृतीय स्थान: कुमारी शुभी कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के
संयोजक डॉ. सूरत सिंह बलूड़ी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों की रचनात्मकता, तार्किक क्षमता तथा राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. निशांत भट्ट एवं डॉ. मीरा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में डॉ. श्रद्धा सिंह जी का विशेष योगदान रहा। इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी, सामाजिक चेतना तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डॉ. विजय लक्ष्मी, डॉ. प्रियंका भट्ट तथा ज्योति, आलिया, सुरभि, पूजा, अर्पिता, जीशान, मुकुल आदि छात्र छात्राएं उपस्थित रहे.
