जनपद स्तरीय युवा महोत्सव 2026: बीरोंखाल के रघुवेन्द्र ने कविता लेखन में मारी बाजी, राज्य स्तर के लिए चयनित
पौड़ी, जिला प्रशासन एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पौड़ी स्थित प्रेक्षागृह में जनपद स्तरीय युवा महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया।
युवा महोत्सव में लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, भाषण,और कविता लेखन सहित विभिन्न विधाओं में जनपद के सभी विकासखंडों के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इस वर्ष नई व्यवस्था के तहत जिला स्तर पर प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इसी क्रम में कविता लेखन प्रतियोगिता में विकासखंड बीरोंखाल के ग्राम नाकुरी निवासी रघुवेन्द्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के लिए हो गया है।
बता दें कि रघुवेन्द्र इससे पूर्व वर्ष 2025 में आयोजित युवा महोत्सव में भी राज्य स्तर पर प्रतिभाग कर चुके हैं। उनकी इस लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि से बीरोंखाल क्षेत्र सहित पूरे गांव में खुशी की लहर है। परिजनों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।
रघुवेन्द्र ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परम पूज्य माता-पिता, दादा-दादी, समस्त गुरुजनों को दिया है।
