गोपेश्वर (चमोली)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर, चमोली के वाणिज्य संकाय में कार्यरत प्राध्यापक डॉ. अनुराग शर्मा ने खेल के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए सिविल सर्विसेज बैडमिंटन प्रतियोगिता की उत्तराखंड राज्य टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। उनका चयन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली सिविल सर्विसेज बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित बैडमिंटन स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिविल सर्विसेज बैडमिंटन प्रतियोगिता की राज्य स्तरीय चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इस चयन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले चार खिलाड़ियों का चयन उत्तराखंड की टीम के लिए किया गया, जिसमें डॉ. अनुराग शर्मा ने भी जगह बनाई।
अब उत्तराखंड की चयनित टीम राष्ट्रीय सिविल सर्विसेज बैडमिंटन प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी। डॉ. अनुराग शर्मा महाविद्यालय में वाणिज्य संकाय के प्राध्यापक होने के साथ-साथ बैडमिंटन के कुशल खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा और मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।
डॉ. अनुराग शर्मा के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर महाविद्यालय के प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। महाविद्यालय परिवार ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।
डॉ. अनुराग शर्मा की इस उपलब्धि से गोपेश्वर महाविद्यालय सहित पूरे चमोली जनपद में खुशी का माहौल है।
