कोटद्वार और पौड़ी के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पौड़ी नेशनल हाईवे (NH-534) पर दुगड्डा और गुमखाल के बीच 18.10 किलोमीटर लंबी सड़क अब डबल लेन में बदली जाएगी। केंद्र सरकार ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 392.52 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। इस खुशखबरी की जानकारी केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की।
यह सड़क सिर्फ दूरी ही नहीं घटाएगी, बल्कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क को भी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत बनाएगी। साथ ही यह मार्ग चारधाम यात्रा के लिए एक सुरक्षित और सुगम वैकल्पिक रास्ते के रूप में भी विकसित होगा, जिससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।

कोटद्वार से शुरू होकर यह हाईवे दुगड्डा, गुमखाल, सतपुली और पौड़ी होते हुए श्रीनगर पहुंचता है, जहां यह ऋषिकेश–बदरीनाथ चारधाम मार्ग से जुड़ता है। फिलहाल गुमखाल से सतपुली के बीच डबल लेन का काम तेजी से चल रहा है, जिसे जनवरी 2027 तक पूरा किया जाना है। इसी कड़ी में दुगड्डा–गुमखाल खंड को भी डबल लेन करने का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे अब मंजूरी मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस परियोजना से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों का तेजी से विकास होगा और अंतरराज्यीय संपर्क और मजबूत बनेगा।
वहीं पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने इसे व्यापार, पर्यटन, रोजगार और सुरक्षित आवागमन के लिए मील का पत्थर बताया। उनका कहना है कि इस सड़क के बनने से पूरे जनपद के विकास को नई गति मिलेगी।



