शिवालिक नगर स्थित ज्ञान भारती सीनियर सेकेण्डरी स्कूल, कोटद्वार में छात्र-छात्राओं द्वारा इंद्रमणि बड़ोनी जी की जयंती एवं क्रिसमस डे के अवसर पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या शिवानी नेगी ने इंद्रमणि बड़ोनी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
विद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम विद्यालय के प्रबंधक अजयपाल सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि इंद्रमणि बड़ोनी जी का जन्म 24 दिसंबर 1925 को टिहरी गढ़वाल के अखोड़ी गांव में हुआ था। उन्हें “उत्तराखण्ड के गांधी” के नाम से जाना जाता है। उन्होंने उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन को मजबूत करने और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के लिए उन्होंने कई बार अनशन किया तथा घर-घर जाकर लोगों को अलग राज्य के लाभों के प्रति जागरूक किया।
इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा लोक नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं भाषणों के माध्यम से इंद्रमणि बड़ोनी जी के योगदानों को स्मरण किया गया। इसी क्रम में क्रिसमस डे के अवसर पर भी विद्यालय में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें छात्र-छात्राओं ने सांता क्लॉस का वेश धारण कर सभी बच्चों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा ईसा मसीह के जीवन और उनके संदेशों पर आधारित भाषण प्रस्तुत किए गए। प्रधानाचार्या शिवानी नेगी ने अपने संबोधन में बताया कि क्रिसमस डे ईसा मसीह के जन्म की खुशी में मनाया जाता है और यह प्रेम, करुणा एवं क्षमा का संदेश देता है। इस दिन लोग चर्च जाकर प्रार्थना करते हैं, भजन गाते हैं तथा एक-दूसरे को उपहार और शुभकामनाएँ देते हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को क्रिसमस की बधाई देते हुए ईसा मसीह द्वारा बताए गए सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर अभय रावत सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
